उझारी(अमरोहा)। गर्मी के बीच बुखार ने पैर पसार लिए हैं। कस्बे में चंद घंटे में बुखार से हाईस्कूल की छात्रा व छात्र की मौत हो गई है। सेंटमैरी की छात्रा की मौत के बाद एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10 के ही छात्र हमजा की बुखार से मौत हो गई है। उसका नोएडा में उपचार चल रहा था।
कस्बा के मोहल्ला पठानों वाला निवासी विकार अहमद का बेटा हमजा (15) एक निजी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। उसे सात दिन पहले बुखार की शिकायत हुई थी। परिजनों ने उसका पास के ही चिकित्सक से उपचार कराना शुरू किया। लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद परिजन उपचार के लिए छात्र को नोएडा के एक अस्पताल में लेकर गए। लगातार उपचार होने के बाद भी उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सोमवार शाम को उपचार के दौरान नोएडा के निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शौक के लहर दौड़ गई है।
वहीं, सोमवार को ही कस्बे के मोहल्ला कुरैशिया निवासी मशहूर कुरैशी की 15 वर्षीय बेटी नौशीन फातिमा की भी दिल्ली के अस्पताल में बुखार से मौत हो गई थी। वह गजरौला के सेंटमैरी स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी। बुखार से हुईं दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हैरत में हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर ध्रुवेंद्र सिंह का कहना है कि बुखार से मौत की कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, बताया कि बुखार में क्या परिस्थिति रही, जानकारी के बाद ही कुछ पता चलेगा।