रहरा। रिश्ता टूट जाने के बाद युवती मंगेतर के घर पहुंच गई और शादी की जिद करने लगी। युवक के घरवालों ने मंदिर में दोनों की शादी करा दी है।
मामला रहरा थाना क्षेत्र के गांव का है। गांव निवासी युवक का छह माह पहले गजरौला थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती से रिश्ता तय हो गया था। युवक व युवती दोनों मोबाइल पर वार्ता करते थे। कई दिन पहले किसी बात पर युवती के घरवालों ने रिश्ता तोड़ दिया और कहा वहां से शादी नहीं होगी। लेकिन युवती नहीं मानी और वह उसी युवक के साथ शादी की जिद करने लगी जहां रिश्ता हो चुका था। मंगलवार की शाम को युवती ने अपने घर की दहलीज लांघ दी और वह अपने मंगेतर के घर पहुंच गई। कहा कि मेरे परिवार के लोग आपके लड़के से शादी नहीं होने देना चाहते। लेकिन मैं शादी के लिए तैयार हूं। युवती ने लड़के के घरवालों से दोनों की शादी कराने का निवेदन किया। इस पर गांव के लोग एकत्र हो गए। परिवार के लोगों ने तय किया दोनों की शादी करा दी जाए। गांव के ही मंदिर में दाेनों की शादी करा दी है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इस तरह का कोई मामला जानकारी में नहीं है।