बनियाठेर(संभल)। थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी से अनबन होने के बाद युवक ने कमरे में पंखे के कुंडे से फंदा लगा कर जान दे दी। पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। परिवार में चीख पुकार मची हुई है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय युवक की शादी ढाई माह पहले उत्तराखंड के लालकुआं के एक परिवार में हुई थी। युवक शराब पीने का आदी था। जिससे परिवार में आए दिन कलह होने लगी। इसके चलते शुक्रवार की दोपहर 12 बजे करीब जब युवक नशे की हालत में घर पहुंचा। जिससे उसकी अपनी पत्नी से कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी बिजली का तार पकड़ने के लिए दौड़ी। इस पर परिवार के लोग महिला को बचाने में लग गए। इसी दौरान युवक गुस्से में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने ऊपर जाकर देखा तो कमरे में पंखे के कुंडे से फंदे पर युवक लटका हुआ था। ये देख परिवार में चीख पुकार मच गई। पास पड़ोस के लोग आ गए। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से युवक को नीचे उतारा। युवक की मौत हो चुकी थी।