हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र के गांव झुंडी माफी निवासी अधिवक्ता मदन सिंह की बेटी जागृति (14) की शुक्रवार को बुखार से मौत हो गई। निजी लैब में हुई जांच में उसमें डेंगू के लक्षण पाए गए थे।क्षेत्र के गांव झुंडी माफी निवासी मदन सिंह तहसील में अधिवक्ता हैं। कक्षा नौ में पढ़ने वाली उनकी बेटी जागृति (14) को करीब 10 दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उसे पहले उपचार के लिए चंदौसी ले गए थे। इसके बाद मुरादाबाद ले गए। वहां भी फायदा नहीं हुआ तो दिल्ली ले जाया गया लेकिन तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजनों के मुताबिक लगातार प्लेटलेट्स घटती चली गईं। निजी लैब में जांच के बाद डेंगू के भी लक्षण सामने आए। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार की रात को उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। जागृति दो बहनों में बड़ी थी। कोई भाई नहीं है। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर ध्रुर्वेंद्र सिंह का कहना है कि बुखार से छात्रा की मौत की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।