अमरोहा। फाल्गुन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों का खाका खींच लिया है। अमरोहा बिजनौर मार्ग, नेशनल हाईवे से लेकर धार्मिक स्थलों पर चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जाएंगे। इस संबंध में एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। हाईवे पर पुलिस का पहरा रहेगा।
फाल्गुन माह की महाशिवरात्रि आठ मार्च की है। एक मार्च से कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो गई है। अमरोहा के अलावा संभल, चंदौसी, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद क्षेत्र से काफी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल लेकर आते हैं। शिवभक्त कांवड़ लेने हरिद्वार जाने की तैयारियों में जुट गए हैं। महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोले नाथ का वासुदेव तीर्थ स्थल समेत जिलेभर के करीब 62 मंदिरों पर जलाभिषेक किया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर नेशनल हाईवे से लेकर अमरोहा बिजनौर मार्ग पर पुलिस का पहरा बैठाया जाएगा। क्योंकि हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे अमरोहा बिजनौर मार्ग से होते हुए मुरादाबाद, गजरौला, अमरोहा, संभल आदि मांर्गों के लिए गुजरते हैं। इसी के चलते सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। हाईवे पर रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी।
शिवालयों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर
महाशिवरात्रि के चलते शहर और क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवालयों की सूची तैयार कर ली गई। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे। शिवालयों के बाहर सिविल और वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। सीसी टीवी कैमरे से भी शिवालयों पर नजर रखी जाएगी।
नेशनल हाईवे पर आज से रूट डायवर्जन
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने नेशनल हाईवे पर शुक्रवार से रूट डायवर्जन प्रस्तावित कर दिया है। हाईवे पर ट्रक, डीसीएम, कैंटर, प्राइवेट बस समेत तमाम माल से लदे भारी भारी भारी वाहनों को हाईवे पर आने से रोका जाएगा। सभी वाहन वैकल्पिक मार्गाें से गुजरेंगे। जबकि बाइक, कार, छोटा हाथी, रोडवेज, टैक्सी, फल, सब्जी, दूध-दही, गैस व इमरजेंसी वाहन यथावत धीमी गति से दौड़ते रहेंगे। इतना ही नहीं कांवड़ियों की भीड़ बढ़ते ही हाईवे बंद कर दिया जाएगा। कम भीड़ के चलते दिल्ली से मुरादाबाद लेन पर कांवड़िये चलेंगे। जबकि मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर हल्के वाहन धीमी रफ्तार से चलते रहेंगे।
आज ये प्लान रहेगा लागू
शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को शाहजहांपुर के कटरा, जलालपुर, बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को आंवला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से डिबाई, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जायेगा।
रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जनपद शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी व हल्के वाहनों को जनपद मुरादाबाद से बाया संभल, बबराला, नरौरा, डिवाई, बुलंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद से दिल्ली को भेजा जाएगा।
मुरादाबाद से मेरठ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को टीएमयू के बगल से अगवानपुर बाइपास, छजलैट, नूरपुर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना होते हुए मेरठ भेजा जाएगा।
चांदपुर, बिजनौर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले समस्त भारी और हल्के वाहनों को जनपद बिजनौर के जलीलपुर से डायवर्ट कर गंगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
नूरपुर, शिवालाकलां, फीना से अमरोहा की तरफ आने वाले वाहनों को नौगांवा सादात, अमरोहा की तरफ नहीं भेजा जाएगा।
संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाइ, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
अमरोहा से दिल्ली जाने वाले समस्त भारी व हल्के वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
गजरौला से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को हसनपुर, रहरा, गवां, अनूपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
धनौरा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चांदपुर, बिजनौर, मवाना, मेरठ होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
- हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- दिल्ली-गाजियाबाद से बरेली- लखनऊ की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को लालकुआं की ओर मोड़कर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए आगे भेजा जाएगा।
- मेरठ से मरादाबाद-बरेली-लखनऊ की ओर जाने वाले हल्के- भारी वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्यौहारा, कांठ, मुरादाबाद होते हुए बरेली की ओर भेजा जाएगा।