अमरोहा। भारत सरकार के कार्यक्रम एक जिला एक खेल के तहत खेलो इंडिया एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर में किटों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि एडीएम एफआर सुरेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 30 खिलाड़ियों को किटों का वितरण किया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम मालीखेड़ा में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एथलेटिक्स का प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को एक जिला एक खेल के तहत किटों का वितरण हुआ। स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले 12 बालिका एवं 18 बालकों समेत 30 एथलीटों को एक जोड़ी जूते तथा एक जोड़ी एथलेटिक्स किट तथा दो जोड़ी मोजे वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले के खिलाड़ी प्रदेश के साथ ही देश एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमरोहा का नाम रोशन कर रहे हैं। जोकि गर्व की बात है। सरकार खिलाड़ियों के उत्थान के लिए हर संभव उपकरण, धनराशि, किटों का वितरण कर शिविर संचालित कर रही है। जिस से खिलाड़ियों को जिला स्तर से ही अच्छे प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया कि भारत सरकार की स्कीम टैलेंट सर्च के अंतर्गत लखनऊ में हुए कार्यक्रम में अमरोहा जनपद के बालक बालिकाओं ने भी प्रतिभाग किया था, जिसके अंतर्गत 10 बच्चों का चयन हुआ है। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य रोहित सांगवान, संदीप कुमार, खेलो इंडिया के एथलेटिक्स कोच कुलदीप सिंह ,सचिन यादव ,हॉकी कोच फरहत अली खान आदि मौजूद रहे।
एडीएम के गोद लिए बच्चों का छात्रावास के लिए हुआ चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया कि खिलाड़ियों को बढ़ावा देने एवं सहयोग की भावना से एडीएम एफआर सुरेंद्र सिंह द्वारा पांच खिलाड़ियों को गोद लिया गया था। जिसमें दो खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स छात्रावास प्रयागराज एवं एक खिलाड़ी का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के लिए हुआ है।