अपर पुलिस महानिदेशक अभियोजन दीपेश जुनेजा ने बुधवार की अमरोहा अभियोजन कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। महिला अपराध में दोषियों त्वरित सजा दिलाने के लिए प्राथमिकता के साथ पैरवी करने के लिए कहा। साथ ही टाप टेन अपराधियों और पाॅक्सो एक्ट के अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए।
बुधवार सुबह 11:15 बजे आए अपर पुलिस महानिदेशक अभियोजन अमरोहा में डेढ़ बजे तक रुके। उन्होंने अपराधों और अपराधियों की समीक्षा के दौरान जिला बदर बदमाशों के बारे में जानकारी की। उन्होंने निर्देश दिया कि पाॅक्सो अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा सजा कराई जाए और अपराधियों की संपत्ति की कुर्की की जाए। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी रामध्यान ने उन्हें जानकारी दी कि पाॅक्सो एक्ट में पिछले कुछ दिन में 12 मामलों सजाएं हो चुकी हैं। छह दिन में दुष्कर्मी पिता को उम्रकैद की सजा हुई, जो देश में मिसाल बनी। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक अभियोजन ने वादों की ऑनलाइन फीडिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बयान दर्ज कराने के बारे में भी जानकारी हासिल की।
अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अभियोजन अधिकारियों को पैरवी करने के लिए निर्देशित किया। कहा की पीड़ितों को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। एक्साइज एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, हत्या, डकैती, बलात्कार, शस्त्र अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण एवं गंभीर मामलों को चिह्नित करते हुए उसके निष्पादन के लिए त्वरित कार्रवाई करें। दूसरे जिले में पदस्थापित सरकारी गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए एसपी कार्यालय से समन्वय स्थापित करें।
न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए सभी संबंधित पक्षों में समन्वय का होना आवश्यक है। अपर पुलिस महानिदेशक अभियोजन ने पिछले दिनों अमरोहा में महिला अपराध को लेकर हुईं सजा पर खुशी जाहिर की। साथ ही उन्होंने गवाहों को भरोसे में लेकर अधिक से अधिक मुल्जिमों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने को कहा। इस दौरान वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी रामध्यान, जिला शासकीय अधिवक्ता महावीर सिंह, एपीओ संजीव कुमार मौर्य, कृष्ण कुमार तिवारी, दया सागर, दीन दयाल गुप्ता मौजूद रहे।