पति पर 10 माह के बेटे को बेचने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर चुकी महिला अपना सारा सामान वाहन में भरकर मायके ले गई। उसने कहा कि पति ने उसके मासूम बेटे को बेच दिया। आगे उसके दूसरे बेटे को भी बेच सकता है। महिला के वाहन में सामान ले जाने की ग्रामीणों ने वीडियो भी बना ली।
थाना क्षेत्र के गांव कांकाठेर निवासी धर्मेंद्र की ससुराल हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुखालू में है। उसके खिलाफ पत्नी मिथलेश देवी ने 10 माह के बेटे विवेक को बेचने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि एक दिन पूर्व विवाद होने पर 15 अक्तूबर की तड़के तीन बजे धर्मेंद्र ने अपने पास सुलाए 10 महीने के बेटे विवेक को ले जाकर बाहर बेच दिया। उधर पुलिस से पूछताछ में धर्मेंद्र ने बताया कि उसका बच्चा सामने से ट्रेन आ जाने के कारण रेलवे पुल से गंगा में छूट कर गिर गया। पुलिस ने बच्चे को बरामद करने के लिए गंगा में कांबिंग की। ब्रजघाट से लेकर दयावली खालसा तक दोनों किनारे छान मारे, लेकिन वह नहीं मिला।
उधर, मासूम के नहीं मिलने पर मिथलेश देवी व उसके मायके वालों ने बड़े बेटे के भविष्य की चिंता जताई। उनकी आशंका है कि धर्मेंद्र बड़े बेटे लव को भी बेच सकता है। इसी डर के चलते मिथलेश देवी कांकाठेर में रुकने को तैयार नहीं हुई। उसने और मायके वालों ने जुगाड़ू वाहन में सामान लादा और अपने मायके रुखालू ले गई। इस दौरान ग्रामीणों ने उसकी वीडियो बनाई।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन तक जांच
10 महीने के बेटे को बेचने के आरोपी पिता धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह गांव से रेल की पटरियों पर चलते हुए ब्रजघाट में रेलवे पुल पर गया। पुल पार होने से पहले ही दिल्ली की दिशा से ट्रेन आ गई। जिससे बचने के लिए वह तो एक खंभे से लिपट गया। इस बीच उसका मासूम बेटा छूट कर नीचे गंगा नदी में गिर गया। पुलिस ने इस बिंदू पर रेलवे स्टेशन पर जाकर जांच की। कांकाठेर व गजरौला रेलवे स्टेशन पर जाकर जानकारी जुटाई कि जिस समय वह ट्रेन आ जाने की बात कह रहा है, कौन सी ट्रेन आई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। सीओ श्वेताभ भास्कर ने भी उससे पूछताछ की।