दिल्ली से चोरी हुई बाइक के साथ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक चला रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। टीपी नगर चौकी इंचार्ज सुभाष चौहान और कांस्टेबल अभिषेक गिल बुधवार की सुबह वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शावेज निवासी मोहल्ला घेर पछईयां बताया। उसके कब्जे से बरामद हुई बाइक दिल्ली से चोरी की निकली। जबकि बाइक पर अमरोहा नंबर की फर्जी प्लेट लगा रखी थी।
सीओ के मुताबिक सावेज बेहद शातिर किस्म का चोर है। उसके खिलाफ चोरी, अवैध शस्त्र रखना, लूट, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम से संबंधित छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान सामने आया कि उसने ये बाइक दिल्ली से चोरी की थी और पुलिस से बचने के लिए दूसरी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था।