रजबपुर। घर से निकले बाइक सवार की हाईवे पर हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा है। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
अमरोहा नगर के कोट होदड़िया में नीरज भारती का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी बीना देवी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। उनका 32 वर्षीय बेटा शैंकी भारती नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। लॉकडाउन के बाद से वह घर से ही ड्यूटी कर रह थे। शनिवार रात करीब ढाई बजे शैंकी भारती किसी काम से अतरासी की तरफ गए थे। तभी अचानक गजरौला की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में शैंकी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही रोते बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।