उझारी। क्षेत्र में ढबारसी मार्ग पर सड़क हादसे में राजमिस्त्री और मजदूर की मौत हो गई। दोनों देर शाम काम करके वापस अपने घर जा रहे थे। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए हैं। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताते हैं कि उझारी के मोहल्ला नौरंगा बाद निवासी चालीस वर्षीय इंतजार पुत्र मुन्ने राजमिस्त्री था। शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर गांव हीसखेड़ा से अपने हमउम्र मजदूर नौबत सिंह निवासी मोहल्ला गढ़ी उझारी के साथ शाम के वक्त काम करके वापस अपने घर जा रहे थे। उझारी ढबारसी मार्ग पर बिजलीघर के नजदीक बुग्गी से टक्कर हो गई। हादसे में इंतजार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नौबत घायल हो गया।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए। पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी है। राजमिस्त्री और मजदूर की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। इंतजार ने अपने पीछे तीन बेटी एवं एक बेटा छोड़ा है। जबकि नौबत ने अपने पीछे 6 बच्चे छोड़े हैं। पत्नी एवं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अहरिहंत कुमार सिद्घार्थ का कहना है कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।