हसनपुर। अतरासी मार्ग पर बैलगाड़ी से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। रजबपुर क्षेत्र के तुगलकाबाद गांव निवासी 21 वर्षीय अरुण पुत्र सतपाल बाइक से बृहस्पतिवार शाम हसनपुर आया था। यहां से देर शाम लौट रहा था। अतरासी मार्ग पर रजोहा के नजदीक बाइक की बैलगाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी का कहना है कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। मामले में कार्रवाई की जाएगी। संवाद
हादसे में बाइक सवार दंपती घायल
जोया। रिश्तेदारी में जा रहे बाइक सवार दंपती को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को नाजुक हालत में मुरादाबाद रेफर किया गया है। बृहस्पतिवार को देहात थाना क्षेत्र के मीरा सराय गांव निवासी शाहिद 65 वर्ष अपनी पत्नी सायरा बानो 60 वर्ष के साथ बाइक से चौधरपुर जा रहे थे। जैसे ही वह डिडौली से आगे नीली खेड़ी पहुंचे तो पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दंपती घायल हो गए। संवाद
घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
हसनपुर। हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली क्षेत्र के मंगरौली मिलक घेर गांव निवासी 35 वर्षीय यशोदा अपने पति नरेंद्र के साथ सोमवार को अपने मायके से लौट रही थी। रहरा हसनपुर मार्ग पर यशोदा बाइक से गिर कर घायल हो गईं थीं। घायल को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। जहां से मेरठ रेफर किया गया। बुधवार को मेरठ में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका ने अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गई हैं। संवाद