हसनपुर (अमरोहा)। संभल मार्ग पर ट्रक की टक्कर से टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक भी पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर हादसे की रिपोर्ट दर्ज की है। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मूलरूप से रहरा थाना क्षेत्र के गुलावली गांव निवासी मुनकाद उर्फ गुड्डू (30) करीब 10 वर्षों से परिवार के साथ कस्बा उझारी के मोहल्ला दर्जियान में रह रहा था। गुड्डू टेंपो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार देर रात वह हसनपुर की ओर से टेंपो लेकर उझारी जा रहा था। संभल हसनपुर मार्ग पर कांशीराम कॉलोनी के पास सामने से आ रहे चावल से लदे ट्रक ने उसकी टेपों में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक भी पलट गया। टेंपो में कोई अन्य व्यक्ति नहीं बैठा था, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था।
हादसे में मौके पर ही टेंपो चालक की मौत हो गई। जिसकी सूचना पर उसके परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो और ट्रक को कब्जे में कर लिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के एक बेटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हादसे के बाद ट्रक पलटने से उसमें लदा चावल भी फैल गया था।