फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दो भाई व चाचा घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला। धनौरा मार्ग पर चाकीखेड़ा के सामने बुधवार देर रात बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा और दो भाई घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। जहां से चाचा को रेफर कर दिया गया। वहीं लगातार फोन करने के बावजूद सरकारी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी। इस पर आक्रोशित मृतक के परिजनों ने सीएचसी में जमकर हंगामा किया। पुलिस से भी नोकझोंक हुई।
विज्ञापन

गजरौला थाना क्षेत्र के शहवाजपुर डोर गांव निवासी सोनू पुत्र बलवीर देहरादून में काम करता है। वह बुधवार की रात बाइक से घर आ रहा था। चुचैला कलां के पास उसकी बाइक खराब हो गई। इस पर उसने अपने घर फोन किया कि उसे ले जाएं। इसके बाद सोनू का छोटा भाई मोनू, बड़ा भाई संजीव व चाचा मदन एक बाइक पर सवार होकर सोनू को लेने पहुंचे। रात करीब पौने 12 बजे सोनू को लेकर सभी घर जा रहे थे। एक बाइक पर मोनू व उसका चाचा मदन था और दूसरी बाइक पर सोनू व संजीव सवार थे। मोनू की बाइक आगे थी। जब सभी चाकीखेड़ा गांव के सामने पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार बाइक आई।
बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। सोनू व संजीव की बाइक भी भिड़ गई। हादसे में अलग-अलग बाइक पर सवार मोनू, उसका चाचा मदन और सोनू, संजीव घायल हो गए। घायल सोनू ने 108 एंबुलेंस को कई बार फोन किया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सक ने 22 वर्षीय मोनू पुत्र बलवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि मदन की हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। हादसे में मौत की खबर पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी में परिजनों ने जमकर हंगामा भी किया।
विज्ञापन

इस दौरान पुलिस से भी नोकझोंक हुई। मृतक के परिजन कह रहे थे कि वह बार-बार फोन करते रहे, लेकिन सरकारी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। अगर एंबुलेंस समय पर आ जाती तो बेटे की जान बच सकती थी। हंगामा कर रहे परिजनों को पुलिस ने किसी तरह शांत कराया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि धनौरा मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है। एक ही परिवार के तीन लोग घायल हैं। दूसरी बाइक पर सवार भी घायल हुए होंगे, लेकिन वह कहां गए। यह पता नहीं चल पाया है। बाइक नंबर के आधार पर पता लगाया जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें