हसनपुर (अमरोहा)। भाजपा विधायक महेंद्र खड़गवंशी के मामा सत्यप्रकाश खड़गवंशी की हत्या का खुलासा 28 दिन बाद हो गया। पुलिस का दावा है कि गांव के ही युवक ने रंजिश में गोली मारकर सत्यप्रकाश की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी से आला कत्ल बरामद कर लिया है। वहीं, कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता की भी हत्या हुई थी, जिसमें आरोपी के पिता का नाम सामने आया था। तभी से यह रंजिश चली आ रही थी।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव घंसूरपुर निवासी सत्यप्रकाश खड़गवंशी (70) की 18 सितंबर की रात को पशुशाला में सोते समय सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह हसनपुर के विधायक महेंद्र खड़गवंशी के मामा थे। उनके बेटे जोगेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई थीं। घटना के 28 दिन बाद पुलिस ने हत्या की घटना का खुलासा कर दिया है।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि गांव के ही रविंद्र ने पुरानी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मृतक के पिता एदल सिंह की 40 वर्ष पहले हुई हत्या में आरोपी रविंद्र के पिता गजराज का नाम प्रकाश में आया था। मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए विधायक के मामा की हत्या की गई है। सीओ ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
ये चल रही है दोनों पक्षों में रंजिश
सीओ दीप कुमार पंत के मुताबिक विधायक के मामा की हत्या में गिरफ्तार रविंद्र ने पूछताछ में बताया कि 40 साल पहले सत्यप्रकाश के पिता एदल की हत्या में उनके पिता गजराज और परिवार का नाम सामने आया था। वहीं, आरोपी के परिवार की लड़की के अपहरण के मामले में भी मृतक के पुत्र का नाम सामने आया था। इसके अलावा आरोपी रविंद्र के भाई बबलू को दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। वह इस समय जेल में है। आजीवन कारावास की सजा मृतक के परिवार के लोगों द्वारा की गई प्रभावी पैरवी के कारण हो सकी थी। इसके अलावा गांव में कुछ समय पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट और गाली-गलौज हुई थी। मृतक सत्यप्रकाश के भतीजे भाजपा नेता महेश खड़गवंशी का कहना है कि कई साल पहले घर में डकैती हुई थी। इस मामले में गोली के छर्रे भी परिवार के लोगों को लगे थे। इस प्रकरण में भी गजराज के परिवार के लोगों का नाम सामने आया था।
हत्यारोपी के खिलाफ दर्ज हैं दो मुकदमे
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विधायक के मामा की हत्या के मामले में आरोपी रविंद्र के खिलाफ इस घटना से पहले दो मुकदमे पंजीकृत हैं। एक मामला कच्ची शराब पकड़ी जाने से संबंधित है तो दूसरा मुकदमा आईपीसी की धारा 354, पॉक्सो एक्ट से जुड़ा है। आरोपी रविंद्र हरियाणा में मजदूरी करता था। 18 सितंबर की रात को हत्या हुई थी। उस रात आरोपी रविंद्र गांव में ही थी। इसके बाद 20 सितंबर को आरोपी रविंद्र हरियाणा चला गया था। कई दिन पूर्व पुलिस आरोपी को हरियाणा से लेकर आई थी और पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। इसके बाद फिर पुलिस को कोई गहरा सुराग मिला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।