ससुराल में पत्नी को लेने आ रहे संभल के असमौली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर सोंहत निवासी नरेंद्र (30) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में नरेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव शाहपुर सोंहत निवासी नरेंद्र पुत्र तुलाराम की ससुराल हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव फूलपुर बीजलपुर में है। रक्षाबंधन पर नरेंद्र की पत्नी ममता गांव बीजलपुर में भाइयों को राखी बांधने आई थी। तब से वह मायके में भी रुकी थी। शनिवार रात नरेंद्र बाइक से पत्नी को लेने ससुराल आ रहा था। यहां से उसे रविवार सुबह को पत्नी को साथ ले जाना था, लेकिन संभल-हसनपुर मार्ग पर हसनपुर में संभल अड्डे के पास नरेंद्र की बाइक को अज्ञात वान ने टक्कर मार दी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही मायके से रिश्तेदार पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन बेटे छोड़ गया है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि मामले में सड़क दुर्घटना के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।