गजरौला (अमरोहा)। निजी एंबुलेंस चालक की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। दो घंटे बाद उसकी पहचान हो सकी। मृतक के पति के मुताबिक वह स्कूल में बच्चे को छोड़ कर घर लौट रही थी। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूलरूप से रजबपुर थाना क्षेत्र के गंव बागड़पुर माफी निवासी दिनेश कुमार निजी एंबुलेंस चलाता है। वह गजरौला के अतरपुरा मोहल्ले में किराए पर रहता है। जीआरपी ने बताया कि सोमवार की सुबह पौने नौ बजे एक महिला की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। उसके साथ हादसा ओवरब्रिज के नीचे हुआ। मालगाड़ी के चालक की सूचना पर जीआरपी व आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंंचे। काफी प्रयास किया, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी। शव को मोर्चरी पर रखवाया गया। दो घंटे बाद दिनेश व उसके परिजन मोर्चरी पर गए। यहां मृतका की पहचान अपनी 30 वर्षीय पत्नी सरिता के रूप में की। दिनेश कुमार ने जीआरपी को बताया कि सुबह वह बच्चे को स्कूल छोड़ने गई थी। वापस आते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गई। वह काफी देर बाद वापस नहीं आई तो उसे चिंता हुई और तलाश शुरू कर दी। जीआरपी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।