सौंधन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर (कैलादेवी) में संचालित स्थायी गो आश्रय स्थल में मृत पशु मिलने के मामले में पवांसा के बीडीओ और दो सचिव के निलंबन के बाद अब चार लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई। पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी सौंधन की तहरीर पर ग्राम प्रधान माया देवी, उनके पति खेमपाल, केयर टेकर भूदेव और लोकेश निवासी मुजाहिदपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।दरअसल, दिसंबर माह में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने गोशाला का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दो गोवंशीय पशु मृत और कई बीमार हालत में मिले थे। गोशाला में काफी गंदगी भी मिली। जिस पर डीएम खफा हो गए थे और जिम्मेदारों को फटकार लगाई थी। साथ ही मौके से ही कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीडीओ पवांसा अजीत सिंह, ग्राम पंचायत सचिव पवन शर्मा और रामौतार गौतम को निलंबित कर दिया गया था। अब पशु चिकित्सा अधिकारी सौंधन डॉ. प्रमोद कुमार की तहरीर पर ग्राम प्रधान माया देवी, खेमपाल और केयर टेकर भूदेव व लोकेश के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।