हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र में हिंसक सांड़ों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के गांव पौरारा दो दिन पूर्व किसान पर सांड़ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। लोग इस घटना को अभी भुला भी नहीं पाए थे कि एक और युवक पर सांड़ों ने हमला कर दिया। घायल का उपचार कराया जा रहा है।
तहसील क्षेत्र के गांव दाउदपुर जागीर निवासी मोमचंद पुत्र पूरन सिंह बृहस्पतिवार की सुबह को अपने गांव से सब्जी मंडी जा रहा था। रास्ते में पनिया भूड़ के पास तीन सांड़ों ने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी डंडे लेकर सांड़ों को दौड़ाया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने हिंसक सांड़ों को पकड़वाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी कई बार हिंसक सांड़ों को पकड़वाने की मांग की जा चुकी है। लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। तहसीलदार सुदीप कुमार का कहना है कि सांड़ों को पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी कई सांड़ पकड़े गए हैं। जल्द ही इन सांड़ों को भी पकड़कर गोशाला भिजवाया जाएगा।
-