अमरोहा के हसनपुर इलाके में पशु ने सींग से निर्माणाधीन दीवार में टक्कर मार दी। जिस पर गृहस्वामी ने पड़ोसियों पर दीवार हिलाने का आरोप लगाया है। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। विवाद में एक पक्ष के लोगों ने सिर में कन्नी मारकर युवती को घायल कर दिया। घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया है।
घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकरौली मिलक गांव की है। गांव के निवासी मुनेश सिंह के घर में बाहर की तरफ दीवार का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह रास्ते से जा रहे पशु ने दीवार में टक्कर मार दी। जिससे दीवार हिल गई और उसकी कुछ ईंटें गिर गईं। मुनेश ने पड़ोसियों पर दीवार को हिलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि झगड़े में पड़ोस की युवती लता के सिर में कन्नी मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन घायल युवती को लेकर कोतवाली पहुंचे। यहां से पुलिस ने उपचार के लिए उसे सीएचसी भेज दिया। मामले की तहरीर कोतवाली में दी गई है। कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि मारपीट के मामले में तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।