अमरोहा। प्रेमी की मंगनी होने के बाद प्रेमिका ने उसके घर पर जा धमकी। प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ गई। तीन दिन से प्रेमी के घर पर डेरा जमाए हुए है। प्रेमी घर से भाग निकला। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली युवती का घर के सामने रहने वाले युवक के साथ तीन साल प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों की प्रेम कहानी गांव के सभी लोग जानते हैं क्योंकि प्रेमी और प्रेमिका एक ही गांव के रहने वाले हैं, इसलिए शादी होना संभव नहीं है। दोनों के परिजन इसके खिलाफ हैं। करीब एक सप्ताह पहले युवक के परिजनों ने उसकी शादी दूसरे गांव युवती से तय कर दी। गोद भराई की रस्म भी पूरी कर ली गई है। जब इसकी जानकारी प्रेमिका को हुई तो उसने घर के ही सामने रहने वाले प्रेमी के घर डेरा जमा दिया। तीन दिन से प्रेमिका प्रेमी के घर रह रही है। परिजनों के समझाने के बाद भी वह प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है। मौके की स्थिति को भांपते हुए प्रेमी गांव से भाग गया। युवती की प्रेम कहानी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।