हसनपुर। नगर में घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग पर सांड़ ने हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला ग्रीन सिटी बाइपास में 75 वर्षीय प्रभास शर्मा का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह को प्रभास शर्मा अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। बताते हैं कि इसी दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडे से सांड़ को दूर तक दौड़ाया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना से मोहल्ले के लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि नगर में कई हिंसक सांड़ घूम रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा सांड़ों को नहीं पकड़वाया जा रहा। कई हादसे हो चुके हैं। नगर पालिका के चेयरमैन राजपाल सैनी का कहना है कि जो भी सांड़ घूम रहे हैं। सभी को पकड़वाकर कान्हा गोशाला में संरक्षित कराया जाएगा।