मुरादाबाद जिले के मझौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-15 निवासी कारोबारी सचिन शर्मा ने जमीन खरीदने के लिए अपने परिचित संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव पैतिया माफी निवासी हरनाम सिंह से मुलाकात की। हरनाम ने उन्हें डिडौली क्षेत्र के चौधरपुर निवासी भूरा से मिलवाया। भूरा ने अपनी जमीन और मकान को बेचने की बात कही। दोनों का सौदा 86 लाख रुपये में तय हो गया। भूरा ने 18 सितंबर 2023 को बैनामा करा दिया। आरोप है कि भूरा ने अपने बेटे नासिर, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद मुस्तफा, गुलाम हैदर और पत्नी फिरदौस के साथ हमसाज होकर जिस जमीन का सौदा तय किया था उसकी जगह दूसरी जमीन का बैनामा करा दिया।
वहीं, भूरा ने पत्नी और बेटों के नाम 29 जनवरी 2024 को रजिस्टर्ड पांच दान पत्र कर दिए। जिसके आधार पर सचिन शर्मा के दाखिल खारिज की प्रक्रिया निरस्त हो गई। सचिन शर्मा ने आरोपियों से फर्जी तरह से दूसरी जमीन का बैनामा कराने की बात कही तो जान से मारने की धमकी देने लगे। रुपये वापस करने से मना कर दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में भरा, नासिर, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद मुस्तफा, गुलाम हैदर, फिरदौस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।