मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों की समस्याओं को लेकर रविवार को हरिद्वार से शुरू हो रही किसान क्रांति यात्रा में जनपद से 2500 किसान हिस्सा लेंगे। शनिवार की रात किसान ट्रेन से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष डूंगर सिंह ने बताया कि किसान क्रांति यात्रा में जनपद से 2500 किसान शामिल होंगे। इसके लिए ब्लाक स्तर पर टीम गठित कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर ब्लाक से दो ट्रैक्टर राशन सामग्री लेकर रवाना किए गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को क्षेत्र के गांव डींगरा, पारा खालसा, अहरौला, दिसौरा, मल्हुपुरा, जटपुरा, चुचैला खुर्द आदि में संपर्क किया। उनका कहना था कि किसान क्रांति यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। सरकार को किसानों की समस्याओं के लिए अब प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। इस मौके पर बिजेंद्र शर्मा, सौवीर सिंह आदि मौजूद थे।