अमरोहा। नगर में गांधी मूर्ति के पास स्थित गोदाम पर हुई छापामार की कार्रवाई रात भर चलती रही। इस दौरान करीब 70 लाख रुपये की एक्सपायर्ड दवाइयां बरामद की हुईं। दवाइयों को जब्त करने के बाद कलक्ट्रेट में रखवा दिया गया है। वहीं, दवाइयों के अलग-अलग नमूने भरने के बाद जांच के लिए लखनऊ भेज दिया गया है। जबकि, मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबन और कोर्ट में परिवाद दाखिल करने की कार्रवाई होगी। साथ ही दूसरे गोदाम पर रखी दवाइयों की जांच के लिए तीन जिलों के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित हुई है। बृहस्पतिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह ने औषधि व खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ लेकर गांधी मूर्ति तिराहे के नजदीक स्थित कृष्णा मेडिकोज के गोदाम पर छापा मारा कार्रवाई की। जिसमें लाखों की एक्सपायर्ड दवा बरामद हुई थीं। इस कार्रवाई अमरोहा के साथ-साथ बिजनौर के औषधि निरीक्षक उमेश भारती व रामपुर जनपद के निरीक्षक मुकेश कुमार भी शामिल रहे। शुक्रवार सुबह सात बजे गोदाम से सीज दवाइयों को कलक्ट्रेट में रखवा दिया गया।
औषधि निरीक्षक रूचि बंसल ने बताया कि दवाइयों के 12 नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। गोदाम से 173 तरह की दवाइयां मिली हैं। जिनकी कीमत करीब 70 लाख रुपये है। मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को निलंबित व निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बताया कि इस मेडिकल स्टोर का लाइसेंस श्रेय गोयल के नाम है। वहीं गोदाम का लाइसेंस वंदना के नाम है। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।
एक्सपायर्ड दवाइयों की जांच कराई जा रही है। मेडिकल स्टोर व गोदाम पर भी जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। गोदाम पर निगरानी के लिए टीम लगाई गई है। मामले में वाद दायर कराने की तैयारी की जा रही है। जांच पूरी होते ही मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित व निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी। सुरेंद्र सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व