अमरोहा। ग्राम पंचायत पीपली कलां में दबंगों ने बिना नीलामी के कब्रिस्तान में खडे़ यूकेलिप्टस के 70 पेड़ काट लिए। जानकारी होने पर लेखपाल ने पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। लेखपाल ने थाना रजबपुर में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
तहसील धनौरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पीपली कलां के भारतेंदु सिंह ने थाना समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत पीपली कलां में भू अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 503 कब्रिस्तान रकबा 0.591 है। जिसमें ग्राम समाज संपत्ति में खड़े यूकेलिप्टस के 70 पेड़ बिना ग्राम सभा की नीलामी व बिना राजस्व विभाग की अनुमति के दबंगों के द्वारा काटकर ग्राम पंचायत को कई लाख की क्षति पहुंचाई है। पुलिस टीम व लेखपाल भगवान दास ने टीम के साथ मौका मुआयना करके थाना रजबपुर में तहरीर दी है। थाना प्रभारी अलका चौधरी ने बताया कि लेखपाल ने तहरीर दी है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम राजीव राज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।