अमरोहा। बिहार में पटना के कारोबारी ने नौगांवा सादात से रेडीमेड कपड़े मगाकर 5.14 लाख रुपये हड़प लिए। नौगांवा सादात के व्यापारी ने अपने रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पटना के कारोबारी पर केस दर्ज किया है। नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती में मोहम्मद दानिश का परिवार रहता है। वह नौगांवा सादात में ही रेडीमेड गारमेंट्स का काम करते हैं। उनके पास बिहार के पटना में रूपसी खादी भंडार के मालिक मनीष कुमार का आना जाना था । मनीष कुमार का नौगांवा सादात में ही अन्य कई दुकानों पर लेनदेन चल रहा था। आरोप है कि मनीष कुमार ने पटना में बड़ा शोरूम चलाने की बात बताते हुए रेडीमेड कपड़े खरीदने के लिए कहा। साथ ही कपड़ों का भुगतान नकद करने का दावा किया था। लिहाजा मोहम्मद दानिश ने मनीष कुमार की बातों पर विश्वास कर लिया और 11 मई 2019 को 334 कुर्ते, 168 लेडीज कुर्ती, 77 नेहरू जैकेट और 550 जैकेट मनीष कुमार को ट्रांसपोर्ट के जरिए भेज दिए। कपड़ों की कीमत करीब 5 लाख 14 हजार 431 रुपये है। माल लेने के बाद मनीष कुमार ने रुपये नहीं भिजवाए। जब मोहम्मद दानिश ने दबाव बनाया तो मनीष कुमार ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया और हत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पटना के रहने वाले मनीष कुमार पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने का आरोप में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।