नौकरी लगवाने के नाम पर अनुसूचित जाति के व्यक्ति के 50 हजार रुपये हड़प लिए। उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के सिहाली जागीर निवासी अजीत सिंह की अल्लीपुर भूड़ में नर्सरी है। उन्होंने गजरौला थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी रियाजुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एफआईआर के मुताबिक रियाजुद्दीन ने अजीत सिंह के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी बहनोई लोकेश को नोएडा में सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। लोकेश से 50 हजार रुपये लिए। बाद में नौकरी नहीं लगी और न ही रुपये दिए। जिससे वह रंजिश रखने लगा। 15 फरवरी की दोपहर अजीत सिंह अपनी नर्सरी पर बने ऑफिस में बैठे थे। आरोप है कि इस दौरान रियाजुद्दीन अपने साथ दो लोगों को लेकर आया। आते ही गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अपने बहनोई से कह देना व रुपयों को भूल जाए। दोबारा रुपये मांगे तो जान से दूंगा। उनके शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।