अमरोहा। विश्वविद्यालय की सालाना परीक्षा सोमवार को हुई। नकल विहीन परीक्षा के लिए सख्ती बरती गई। कॉलेज के मुख्य द्वार पर जांच की गई। स्नातक और परास्नातक की परीक्षा में 46 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। जेएस हिंदू पीजी कॉलेज में सोमवार को सुबह 10.30 बजे से परीक्षा शुरू हुई। तीन अलग अलग पालियों में 1.30 घंटे की परीक्षा में विद्यार्थी शामिल रहे। परीक्षा प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि कुल 1,200 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 1,154 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि बीए अंग्रेजी, बीएससी गणित और विज्ञान के अलावा बीकॉम की परीक्षा में विद्यार्थी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि एमए के हिंदी, अर्थशास्त्र और भूगोल की परीक्षा हुई। उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिका को देर शाम तक सील बंद कर सुरक्षित रखवाया गया है।
..