बहजोई (संभल)। शासन की पहल पर अबकी बार जिले की 3965 रसोइयाें को किचन वस्त्र परिधान (रसोई में काम करने के लिए कपड़े की वेशभूषा) मिलेगा। इसको लेकर पांच सौ रुपये प्रति रसोइया के हिसाब से जिले को यह धनराशि प्राप्त हो गई है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद धनराशि सीधे रसोइयाें के खातों में पहुंचेगी।
मध्यान्ह भोजन योजना के जिला समन्वयक दीनदयाल शर्मा ने बताया कि जिले के 1353 विद्यालयों की रसोइयों में छात्र-छात्राओं को मिड-डे मील तैयार करने के लिए 3965 रसोइयाें की तैनाती है। इनमें 1289 परिषदीय विद्यालय व 64 राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। डीसी ने बताया कि अबकी बार शासन की पहल पर विभाग की ओर से इन रसोइयाें को प्रति रसोइया के हिसाब से 500 रुपये बतौर किचन वस्त्र परिधान के मिलेंगे। इसके लिए शासन से जिले को 19 लाख 32 हजार 500 रुपये की धनराशि प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि इसके लिए विभागीय प्रक्रिया चल रही है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद 500 रुपये के हिसाब से यह धनराशि सीधे प्रत्येक रसोइया के खाते में भेज दी जाएगी। डीसी के मुताबिक किचन वस्त्र परिधान के रूप में 500 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने का शासन व विभाग का उद्देश्य रसोइयाें को अपना काम और अधिक बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरित का है।