अमरोहा। कारोबार में मुनाफा देने का झांसा देकर महिला से 35.54 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमरोहा नगर के आवास विकास द्वितीय में राजेंद्र खरे का परिवार रहता है। उनकी पत्नी डॉली का आरोप है कि मोहल्ला शफातपोता के रहने वाले आसिफ उस्मानी से उनकी मुलाकात लोक दल पार्टी के कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इस दौरान आसिफ उस्मानी ने कारोबार में पैसा लगाकर मुनाफा देने की बात करते हुए 29.54 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से लिए। जबकि 5.62 लाख रुपये नकद लिए थे। करीब चार महीने बाद डोली ने कारोबार के बारे में पूछा तो आसिफ उस्मानी ने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ दिन बाद पूछने पर वह जान से मारने की धमकी देने लगा। स्पष्ट कहा कि पैसे मांगने पर लाश का भी पता नहीं चलेगा। पीड़िता में 35.54 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एसपी कुंवर अनुपम सिंह को शिकायती पत्र दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में आसिफ उस्मानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।