यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहम्मदी सराय का है। मोहल्ला निवासी शाहवेज अहमद जनसेवा केंद्र चलाते हैं। शनिवार शाम छह बजे एक युवती जनसेवा केंद्र पर पहुंची। उसने शाहवेज से अपना खाता नंबर देने को कहा। बताया कि उसका भाई उनके खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर देगा। उन्होंने आधार कार्ड मांगा तो युवती ने मोहम्मद नजाकत निवासी मोहल्ला कटरा बख्तावर सिंह के नाम का आधार कार्ड व्हाट्सएप पर मंगवाकर दे दिया।
उन्होंने युवक फोन पर बात की तो उसने कहा कि वह पैसे ट्रांसफर कर रहा है। इस पर भरोसा करते हुए उन्होंने 30 हजार रुपये युवती को दे दिए। करीब 15 मिनट तक युवती जनसेवा केंद्र पर रुपये आने के इंतजार में बहाना बनाकर बैठी रही और मौका मिलते ही भाग गई। शाहवेज ने युवती की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी है। चार दिन पहले नौगांवा सादात में भी युवक, युवती ने जनसेवा केंद्र संचालक को झांसे में लेकर इसी तरह से 25 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।