रजबपुर (अमरोहा)। दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर रविवार मध्य रात्रि के बाद से भोर तक लगातार हादसे हुए। हाईवे पर कांवड़ियों की बाइकें आपस में भिड़ती रहीं। इस दौरान हादसे में 29 कांवड़िये घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार कराने के बाद सभी अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
सोमवार रात 12 बजे के बाद दिल्ली मुरादाबाद हाईवे चार अलग अलग जगह कांवड़ियों की बाइकें आपस में टकरा गईं। ये हादसे हाईवे पर शहबाजपुर के पास, वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के पास, टोल प्लाजा एवं खाता के पास हुए। हादसों में अंकुर गुप्ता एवं देव गुप्ता निवासी रामपुर, गिरीराज और उनकी पत्नी मीनाक्षी, अजय पुत्र रामवीर निवासी मुरादाबाद, बंटी पुत्र मदनपाल निवासी रामपुर, अनुज, प्रिंस एवं राकेश निवासी गुरैठा पाकबाड़ा मुरादाबाद, अजय यादव पुत्र राजकुमार निवासी हरथला मुरादाबाद, नितिन पुत्र विजयपाल, अजय निवासी एकता कॉलोनी मुरादाबाद, रितिक एवं लोकेश निवासी मुरादाबाद, श्रवण पुत्र विजय निवासी फतेहपुर विश्नोई और नितिन व अंकित निवासी मूंढापांडे मुरादाबाद घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उधर, गजरौला के ब्रजघाट से कांवड़ियाें के जत्थे कांवड़ लेने गए थे। रात 12 बजे से कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला शुरू हुआ। अधिकांश कांवड़िये बाइकों पर सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण और जल्दी गंतव्य को पहुंचने के चक्कर में कांवड़िये हादसे का शिकार हो गए। ब्रजघाट से लेकर रजबपुर तक अलग-अलग सड़क हादसे में कपिल निवासी रजबपुर, राजेश व दिनेश निवासी रामपुर, रविंद्र निवासी कैलसा थाना अमरोहा देहात, लवनीत, विक्की, राजीव व रोहित निवासी मुरादाबाद, रंजीत निवासी मूंढ़ापांडे, विशाल निवासी बिलारी और राजकुमार निवासी फतेहगंज बरेली घायल हो गए। घायलों को पुलिस व एंबुलेंस द्वारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद कांवड़ियों के जत्थे अपने गंतव्य को रवाना हो गए। सीओ अरुण कुमार सिंह का कहना है कि अलग-अलग सड़क हादसे में मामूली रूप से कांवड़िये घायल हो गए थे।
दो कार आपस में टकराईं
जोया के संभल चौराहे के पास दो कारों की भिड़ंत हो गई। जिसमें लोकेश पुत्र श्योराज निवासी धनौरा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों कारों को अपने कब्जे में ले लिया। घायल को उपचार के लिए भिजवा दिया गया।