अमरोहा। होली के मौके पर बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। नगर पालिकाओं की तरफ से भरपूर पानी और साफ सफाई का दावा किया गया है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सुविधाएं मिलेंगी। होली के हुड़दंग में सेहत को लेकर किसी भी तरह की दिक्कत होने पर संबंधित अस्पताल में चिकित्सकों को दिखाएं। बिजली विभाग ने बिजली समस्या को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिसमें बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग की तरफ से गुरुवार की सुबह 8:00 बजे से शुक्रवार की शाम 6:00 बजे तक अवर अभियंताओं की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई हैं।