अमरोहा। शहर में शुक्रवार की रात झमाझम बारिश हुई। इसके बाद शनिवार को दिनभर बूंदाबांदी होती रही। शहर व जिले के विभिन्न हिस्सों में सड़कों से लेकर गलियां तक जलभराव हो गया। नजारा तालाब जैसा नजर आ रहा था। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। 24 घंटे में 22 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। हवा 18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली।
बारिश और बीच बीच में बूंदाबांदी से शहर बाजार कोट, कोतवाली, आजाद रोड, कैलसा बाईपास, तहसील गेट और कोतवाली गेट सहित आदि इलाकों में पानी सड़कों पर भर गया। सड़कें तालाब बनी नजर आईं। हर साल ऐसी ही हालात रहते हैं। दुकानदार और राहगीरों में पालिका के खिलाफ आक्रोश दिखा। मोहल्ला बटवाल में कार और बाइकों के पहिया पानी में डूबे नजर आए। बाइक की साइलेंसर में पानी घुसने से भी लोग परेशान दिखे। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया। चिपचिपी और उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। शनिवार की देर रात तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा।
जिला कृषि अधिकारी बबलू सिंह ने बताया कि चौबीस घंटे में 22 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। आने वाले पूरे सप्ताह बारिश का मौसम बना रहेगा। कभी झमाझम बारिश तो कभी बूंदाबांदी होती रहेगी। ईओ डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि बारिश होने तक सड़कों पर पानी रहना स्वाभाविक है, बारिश बंद होने के कुछ मिनटों बाद पानी गायब हो जाता है। पिछले कुछ सालों के मुकाबले शहर में जलभराव की समस्या से निजात मिली है।