मंडी धनौरा। फिक्स डोज कांबिनेशन को जनमानस के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रतिबंधित की गई 328 दवाओं की बिक्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने की चेतावनी औषधि निरीक्षक राजेश कुमार द्वारा दी गई है। उन्होंने जनपद के सभी दवा विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित दवाओं के स्टाक को तत्काल प्रभाव से कंपनी व उनके वितरक को वापिस कर दें। केंद्र सरकार ने 328 दवाओं के फिक्स डोज कांबिनेशन को हानिकारक मानते हुए इनके निर्माण व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के नामी गिरामी ब्रांड भी शामिल हैं। औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के आदेश के अनुपालन में औषधि आयुक्त एके जैन ने प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री व निर्माण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पकड़े जाने पर दवा विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।