साइबर ठग एक किसान से मोबाइल नंबर के रिचार्ज पर बोनस का झांसा देकर 19 हजार रुपये ठग लिए। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मिठनपुर कलां गांव का है। यहां पर सलमान का परिवार रहता है। पेशे से किसान सलमान का आरोप है कि बीते छह नवंबर को उसके मोबाइल अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मोबाइल नेटवर्क कंपनी का मैनेजर बताया और कहा कि तुम्हारा मोबाइल नंबर रिचार्ज करने पर 1999 रुपये का बोनस मिलेगा। पीड़ित सलमान कॉल करने वाले व्यक्ति की मनसा को भांप नहीं सका और वह उसकी बातों में आ गया। आरोपी ने अपने गूगल पे के माध्यम से नंबर पर पहले 1999 डलवा लिए और मोबाइल नंबर पर लगातार बात करता रहा। इस बीच किसान के खाते से 17 हजार रुपये और काट लिए गए। मोबाइल पर धनराशि कटौती का संदेश मिलते ही सलमान के होश उड़ गए। उसने तुरंत ही फोन काट कर इंटरनेट डाटा बंद कर दिया। इसके बाद आनन-फानन में बैंक जाकर खाते पर रोक लगवाई और नौगांवा थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को दी गई है। जल्द ही पीड़ित का पैसा वापस कराने की कार्रवाई की जाएगी।