मंडी धनौरा। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने बाईपास मार्ग पर शहीद दिवस का आयोजन किया। आयोजन में केंद्र सरकार से जाटों को आरक्षण देने के अपने वादे को निभाते हुए तत्काल केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण देने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि जाट आरक्षण लेकर ही मानेंगे। वर्ष 2010 में हरियाणा के हिसार में आरक्षण को लेकर किए गए आंदोलन में पुलिस की गोली से मारे गए सुनील श्यारोणा को शहीद मानते हुए समिति हर साल शहीद दिवस मनाती है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण को लेकर देश भर के जाटों को संगठित किया जा रहा है। केंद्रीय सेवाओं में जाटों को आरक्षण देना ही होगा। बैठक में जानकारी दी गई कि समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक आगामी 21 सितंबर को हकीमपुर रेलवे स्टेशन के पास एक जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा को सफल बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर संजय फौजी, प्रमोद चौधरी, सुभाष चौधरी, संतवीर सिंह, मनोज चौधरी, विरेंद्र सिंह, गौरव धारीवाल आदि मौजूद रहे।