गजरौला। तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं के आने जाने के लिए परिवहन निगम द्वारा 132 बसें लगाई जाएंगी। अमरोहा डिपो में बस कम हैं, इसलिए मुरादाबाद, रामपुर व पीतलनगरी की रोडवेज बसों को लगाया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी में गंगा किनारे लग रहा गंगा मेला देवोत्थान एकादशी पर पूजन के बाद शुरू हो जाएगा। कई दिन तक चलने वाले मेले में दस जिलों के श्रद्धालु आते हैं। उनको मेले में आने जाने में दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसके लिए डीएम ने परिवहन निगम को बीते साल के मुकाबले 20 प्रतिशत बस अधिक लगाने के निर्देश दिए। पिछले साल 120 बस लगाई गई थीं। 20 प्रतिशत अधिक होने के कारण बसों की संख्या 132 बनती है।
मगर रोडवेज डिपो के बेड़े में महज 70 बस हैं। जिनमें दस बसों को दिल्ली आदि के लिए संचालित करने के कारण मेले में लगाने से वंचित रखा जाएगा। इसके बाद 60 बस बचीं। जबकि मेले में 132 बस लगानी हैं। इसके लिए 72 बस मुरादाबाद, रामपुर व पीतलनगरी डिपो से मांगी गई हैं। परिवहन निगम के एआरएम मोहम्मद शफी का कहना है कि बसों की संख्या बीते साल के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक रहेगी। इसके लिए बस दूसरे जिलों से मांगी गई हैं।
बसों की कमी से जूझ रहे अमरोहा रोडवेज डिपो के बेड़े के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ मुख्यालय से मुरादाबाद मंडल को 19 नई बस मिल रही हैं। जिनमें दो अमरोहा के हिस्से में आएंगी। बसों को लेने के लिए चालक रवाना कर दिए गए हैं। एआरएम का कहना है कि जिले में दो और अतिरिक्त बस मिल जाने से यात्रियों को परिवहन की बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। डिपो का बेड़ा मजबूत होगा।