मंडी धनौरा। भाजपा विधायक राजीव तरारा ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों में काम कर रही है और किसानों की भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। वह क्षेत्र के गांव मिलक, आरकपुर खालसा, पपसरा बंगर आदि में ग्रामीणों से मुखातिब थे। उन्होंने ढाई किलोमीटर सड़क बनाने की घोषणा भी की। जनसंपर्क अभियान में भाजपा विधायक राजीव तरारा खादर क्षेत्र के कई गांवों में ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जनहित में काम कर रही है। किसानों की भलाई के लिए फसल बीमा योजना लागू किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने खरीफ फसलों के समर्थन मूल्य में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने सरकार द्वारा युवाओं, बिजली, चिकित्सा आदि के क्षेत्र में किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए 2019 में भी भाजपा का साथ देने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष पति भूपेंद्र चौधरी, अशोक सिंह, पवन सिंह, मोहन चौधरी, सादा सिंह, सतपाल सिंह, सतवीर सिंह आदि थे।