लड़की की आंख में कमी बताते हुए युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। जबकि, 10 अक्तूबर को बरात आनी थी। जिसके बाद दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए। उनके अनुसार उन्होंने शादी को लेकर सभी तैयारियां कर ली थी। लड़की पक्ष ने पुलिस से मामले की शिकायत की तो युवक को थाने बुलवा लिया। मामले में पुलिस की ओर से पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किसान ने 18 वर्षीय बेटी का रिश्ता एक माह पहले रहरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ तय किया था। रिश्ते में पुरानी बोलेरो के लिए चार लाख देने तय हुए थे। रुपये भी दे दिए गए थे। अन्य सामान भी दिया गया था। 10 अक्टूबर को शादी तय हो गई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन शादी से 13 दिन पहले युवक ने शादी से इन्कार कर दिया है। जिसके बाद लड़की पक्ष के पैराें तले जमीन खिसक गई।
लड़की पक्ष के लोगों ने बिचौलिया के माध्यम से युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। शुक्रवार को लड़की पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने लड़के पक्ष को कोतवाली बुला लिया। पुलिस ने युवक से शादी से इन्कार करने की वजह पूछी तो युवक ने बताया कि लड़की की आंख में कमी है। पहले यह बात नहीं बताई गई थी। लड़की पक्ष के लोगों का कहना है कि लड़की की आंख में कोई कमी नहीं है। लड़की को पहले दिखाया गया था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।