अमरोहा। जिले के 123 परिषदीय स्कूल निपुण घोषित हो गए हैं। मंगलवार को कलक्ट्रेट में आयोजित हुए कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा निपुण घोषित हुए विद्यालयों के मुख्य अध्यापकों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडी धनौरा ब्लॉक में निपुण विद्यालयों की संख्या सबसे अधिक है।
राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ द्वारा प्रत्येक जनपद के 40 प्रतिशत विद्यालयों के कक्षा एक से तीन के छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के डीएलएड प्रशिक्षुओं के द्वारा दिसंबर 2023 में किया गया था। जिसमें जनपद अमरोहा के 516 परिषदीय एवं कम्पोजिट एवं विद्यालयों का मूल्यांकन किया गया था। जिसके बाद 123 परिषदीय स्कूलों को निपुण घोषित किया गया है। सबसे अधिक 34 विद्यालय मंंडी धनौरा ब्लॉक के निपुण घोषित हुए हैं। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुए कार्यक्रम में डीएम राजेश कुमार त्यागी ने निपुण विद्यालयों के मुख्य अध्यापकों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। डीएम ने इस दौरान दूसरे स्कूलों के बच्चों को भी निपुण बनाए जाने के लिए प्रेरित किया। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने शिक्षकों को ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत समस्त विद्यालयों में असंतृप्त पैरामीटर्स पूर्ण करने, छात्र-छात्राओं को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने को कहा। बीएसए डॉ. मोनिका ने निपुण हुए सभी विद्यालयों के मुख्य अध्यापकों से विद्यालयों का डिजीटलाइजेशन करने, उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा दिव्यांग एवं आउट ऑफ स्कूल बच्चों की शिक्षा के लिए प्रेरित करने को कहा। इस अवसर पर समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं एआरपी मौजूद रहे।