चुचैला कलां। चोरों ने कस्बे के दो घरों से लगभग चार लाख रुपए का सामान समेट लिया। जानकारी होने पर गृह स्वामियों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। शुक्रवार की रात चोरों ने सबसे पहला अपना निशाना अहसान को बनाया। चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। चोरों ने घर के भीतर सेफ में रखी 50 हजार रुपये की नकदी, सोने के कुंडल, अंगूठी, चांदी की पायल चोरी कर ली। उसके बाद चोर शरीफ अहमद के घर में घुस गए। वहां से 20 हजार रुपये की नकदी, सोने का हार, सोने के कंगन व अन्य जेवरात चोरी कर लिए। सवेरे को घर के लोगों को चोरी का पता लगा तो वे सन्न रह गए। अहसान व शरीफ अहमद के मुताबिक चोर दोनों घरों से लगभग चार लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।