मंडी धनौरा। तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने पहले से ही परेशानी में चल रहे किसानों पर कहर बरसा दिया है। बेमौसमी बारिश ने धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया है। किसानों का कहना है कि भारी बारिश और ओलावृष्टि से पशुओं के चारे में काम आने वाला अगोला लगभग 60 प्रतिशत तक नष्ट हो गया है। बृहस्पतिवार को आसमान में छाए बादलों को देखकर लोग हैरत में पड़ गए। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। एक घंटे तक हुई बारिश से खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्राम मोहम्मदपुर लोहर्रा निवासी देवव्रत यादव का कहना है कि अगोला को नुकसान पहुंचा है। धान की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। पिछले महीने हुई बारिश की वजह से धान की फसल पहले ही नष्ट हो चुकी है। किसान अपनी फसल को देखकर दुखी और बेहाल नजर आ रहे हैं।