जिले में कोरोना संक्रमण फिर तेजी पैर पसार रहा है। लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। लोग एक दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमित हो रहे हैं। सोमवार को भी पांच स्वास्थ्य कर्मियों समेत 10 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। जिले में अब सक्रिय केसों की संख्या 49 हो गई है।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि सोमवार सुबह 400 से अधिक आरटीपीसीआर सैंपल की जांच रिपोर्ट आई थी। जिसमें 10 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें जोया में दो, धनौरा में चार, अमरोहा में तीन और रहरा में एक मरीज मिला है। संक्रमितों में धनौरा, अमरोहा और जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात पांच स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। सभी मरीजों की उम्र 19 से 57 साल तक बताई गई है। सीएमओ ने बताया कि सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में घर पर ही इलाज कराया जा रहा है। किसी भी मरीज में संक्रमण के गंभीर लक्षण नहीं हैं।
जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर डीएम बीके त्रिपाठी ने सीएमओ डॉ.राजीव सिंघल को मास्क और सामाजिक दूरी की अनिवार्यता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करें। साथ ही लोगों को जागरूक किया जाए। साथ डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाली जगह पर मास्क लगाकर जाएं। दो गज की दूरी का पालन करें। जिन लोगों ने कोरोना का टीका नहीं लगवाया है, वह अवश्य लगवाएं। साथ ही जिन लोगों ने दोनों टीके लगवा लिए हैं, वह तीसरा टीका भी जरूर लगवाएं। संवाद