गौरीगंज स्थित निजी विद्यालय में गायत्री परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग। स
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित एक निजी स्कूल में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान और गायत्री परिवार अमेठी के संयोजन में युवा चेतना कार्यशाला-2026 आयोजित हुई। इसमें युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संदेश दिया गया।
बस्ती के परशुरामपुर से आईं वक्ता पूर्णिमा ने कहा कि राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान जागरूक, अनुशासित और संस्कारवान युवाओं के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से समाज और देश के प्रति अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता देवा ने व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, जीवन-मूल्यों और नेतृत्व क्षमता पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। पूर्व सीएमओ डॉ. धर्मेंद्र त्रिपाठी ने नशामुक्त जीवन अपनाने और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनके विशेषज्ञों ने उत्तर दिए। इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. त्रिवेणी सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, दलजीत सिंह, अविनाश सिंह, सत्यम अग्रहरि, सुमित साहू, अशोक सिंह, राणा प्रताप सिंह, पं. राधेश्याम त्रिपाठी, अशोक मिश्र, सजल, कौशल किशोर वैश्य आदि मौजूद रहे।