फुरसतगंज के हरिजन कॉलोनी बसौनी में गमगीन मृतक के परिजन। स्रोत: ग्रामीण
फुरसतगंज। हरिजन कॉलोनी बसौनी निवासी अमन (28) की शनिवार रात टांडा-बांदा हाईवे पर अकेलवा चौराहे के पास ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में उनके जीजा डपका उदारी निवासी चंद भवन (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका जिला अस्पताल रायबरेली में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
अमन अपने जीजा चंद भवन के साथ बाइक से बसौनी लौट रहे थे। अकेलवा चौराहे के पास ट्रक की चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी फुरसतगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। चंद भवन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
थाना अध्यक्ष नंद हौसिला यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
फरीदाबाद में मजदूरी करते थे अमन
अमन फरीदाबाद में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। छह अगस्त को वह घर आए थे। शनिवार को डलमऊ घाट से जल लेकर पीढ़ी स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद बहन नीलम के घर गए थे। देर शाम जीजा के साथ बाइक से लौटते समय हादसा हो गया।
-
पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
अमन की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। करीब एक वर्ष पहले शादी हुई थी। पत्नी चांदनी ने सोमवार को उनकी लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था। हादसे की खबर सुनते ही चांदनी बेसुध होकर पति को पुकारते हुए बिलखने लगीं। मां छेदाना बेटे को याद कर बार-बार उसे पुकार रही थीं। पिता सजीवन की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। बड़े भाई फूलचंद और हरिश्चंद्र फफक पड़े। बहनें सुनीता, शीला और नीलम का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। रिश्तेदार और परिजन एक-दूसरे को संभालने में जुटे रहे।