अमेठी सिटी। बाजारशुकुल के बूबूपुर अंदीपुर गांव निवासी रामराज (20) की रविवार सुबह ट्राॅमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। एक अक्तूबर को बाराबंकी के रुदौली स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
छोटेलाल ने बताया कि उनका बेटा रामराज गुजरात की निजी कंपनी में काम करता था। वह 29 सितंबर की रात अहमदाबाद से घर लौट रहा था। एक अक्तूबर को रुदौली स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे रुदौली सीएचसी ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जानकारी पर परिजन लखनऊ पहुंचे और रामराज को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि युवक की मौत की जानकारी मिली है। मामले में कार्रवाई रेलवे पुलिस के स्तर से होगी। (संवाद)