जायस (अमेठी)। जायस मुबारकपुर मुखेतिया निवासी एक युवक मंगलवार को पंजाब के लुधियाना में सड़क हादसे में घायल हो गया था। परिजन घायल को लेकर घर ला रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। शव के घर पहुंचने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा के आधार पर पोस्टमॉर्टम करवाया।
मुबारकपुर मुखेतिया गांव निवासी हरीश चंद्र मौर्य (37) पंजाब प्रांत के लुधियाना शहर में मजदूरी करता था। मंगलवार को हरीश चंद्र मौर्य सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हरीश चंद्र मौर्य को परिजन लखनऊ पीजीआई उपचार के लिए ला रहे थे। रास्ते में हरीश चंद्र मौर्य की मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी के बाद पंचायतनामा के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। एसएचओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल पंजाब प्रांत के लुधियाना शहर है। शव गांव पहुंचने व परिजनों की सूचना पर पोस्टमॉर्टम करवाया गया है।
हरीश चंद्र मौर्य की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। बेटे की मौत से मां तुलसा देवी सदमे में है तो उसकी पत्नी सीमा के आंशू थमने का नाम नहीं ले रहा है। मृतक सात वर्ष बेटी तान्या पिता की मौत से गुमसुम होकर आने-जाने वाले को देखते हुए करुणवेदना करने लगती है।