मुसाफिरखाना कस्बे में विजय बहादुर की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। स्रोत: ग्रामीण
मुसाफिरखाना। रिश्तेदारी के विवाद में जानलेवा हमले में घायल कस्बा निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा (34) की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने दर्ज एफआईआर को जानलेवा हमले से गैर इरादतन हत्या की धारा में बदल दिया है। इस मामले में विजय का साढ़ू और उसका भाई सुल्तानपुर जेल में बंद है।
मुसाफिरखाना निवासी जगप्रसाद विश्वकर्मा के अनुसार 13 मार्च को उनके घर आयोजित बहूभोज में सुल्तानपुर के कुड़वार निवासी रोहित विश्वकर्मा अपने भाई अनिल विश्वकर्मा के साथ शामिल हुए थे। उनका बेटा विजय और रोहित साढ़ू थे। उसी दौरान रिश्तेदारी के एक प्रकरण को लेकर विजय और रोहित के बीच विवाद की स्थिति बनी थी।
आरोप है कि रोहित और अनिल ने विजय को औरंगाबाद माइनर नहर पुल के पास बुलाया था। दोनों ने विजय पर चाकू से कई वार कर दिए थे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विजय की मौत की खबर मिलते ही पत्नी प्रीती, बेटी जानकी और पुत्र चिंटू का हाल बेहाल है। इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी जेल में हैं। गैर इरादतन हत्या में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।